माण्डलगढ़ में प्रशासन का औचक एक्शन, दफ्तरों में मची हलचल

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के माण्डलगढ़ उपखंड दौरे के दौरान प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। कलेक्टर ने विभिन्न राजकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, उपस्थिति रजिस्टर व कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने ई-फाइल, ई-डाक और संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंचायत समिति में आयोजित बैठक में विकास कार्यों, बजट घोषणाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
साथ ही ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं, विशेषकर पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त रखने और स्वीकृत कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि कार्यों में शिथिलता पर जवाबदेही तय होगी और सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देश पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।